home page

युवक की चाकू घोपकर हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। बाहरी उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 31 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने रविवार को बताया कि 23 मई को शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम महादेव चौक इलाके में पहुंची। इसके बाद पुलिस घायल को देखने के लिए पूठ खुर्द स्थित अस्पताल पहुंची। घायल की पहचान प्रहलादपुर स्थित गुप्ता कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय नारायण दत्त के रूप में हुई। मेडिकल जांच रिपोर्ट (एमएलसी) में शरीर पर धारदार हथियार से कई वार होने की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने घायल को बयान देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में तीन युवक नारायण दत्त पर हमला करते दिखाई दिए। इसके आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में घायल नारायण दत्त को इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान पुलिस की विशेष टीमों को आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपित सूरज (20) को गिरफ्तार कर लिया। वह शाहबाद डेयरी इलाके का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी पुराने विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी