राघोपुर में पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत दो घायल
सुपौल, 24 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना राघोपुर पंचायत स्थित महादलित टोला की बताई जा रही है, जहां करीब साढ़े 11 बजे पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया।
इस हमले में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड जवान घायल हो गईं, जबकि थाना का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी बीच महिला होमगार्ड जवान की राइफल छीने जाने की भी चर्चा सामने आई।
हालांकि बाद में उक्त राइफल एक खेत से बरामद होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घायलों की पहचान एएसआई अंजय कुमार (40 वर्ष) और महिला होमगार्ड काजल कुमारी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। राघोपुर थाना द्वारा वरीय अधिकारियों को तत्काल जानकारी दी गई, जिसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वीरपुर एसडीपीओ और सुपौल एसपी भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथ में ली। देर रात तक पूरे क्षेत्र में पुलिस की सघन मौजूदगी बनी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर छानबीन की जा रही है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

