हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर हत्याकांड मामले में एक वर्ष से फरार आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज के जार्जटाउन पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित गोलू भारतीया को दबोचा, छह आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
प्रयागराज, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाने की पुलिस टीम ने बहुचर्चित साजन मेहतर हत्याकांड मामले में फरार एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपित गोलू भारतीया को मंगलवार को तुलाराम बाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि जार्जटाउन में इसके खिलाफ पंजीकृत मुकदमा संख्या 196/2025, धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 103(1), 109(1) एवं 61(2) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त गोलू भारतीया पुत्र गुलाब चन्द्र भारतीया निवासी पूरा पड़ाइन झोपड़पट्टी, थाना दारागंज को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई 2025 की रात जार्जटाउन थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर की हत्या कर दी गई थी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इस प्रकरण में छह आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि गोलू भारतीया की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि साजन मेहतर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी गोलू भारतीया को जार्जटाउन पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा फरार अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह पुलिस की निगरानी में था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी जार्जटाउन उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी राजीव रंजन तथा मुख्य आरक्षी चालक राम प्रकाश यादव शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

