home page

पहले हादसा लगा, सीसीटीवी जांच में खुला हत्या का राज, चौकीदार को कार से दो बार कुचलने का आरोप

 | 

नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। बाहरी जिले के पश्चिम विहार पश्चिम थाना क्षेत्र में रविवार तड़के सामने आए एक संदिग्ध सड़क हादसे के मामले ने जांच के दौरान हत्या का रूप ले लिया। शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में सामने आया कि 60 वर्षीय चौकीदार को एक चार पहिया वाहन ने दो बार कुचला था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने रविवार को बताया कि सुबह करीब 4:03 बजे पश्चिम विहार पश्चिम थाने में एक व्यक्ति के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पीरागढ़ी गांव के प्रवेश द्वार के पास स्थित टेंपो स्टैंड, श्री सिद्ध बाबा मंदिर के नजदीक था। मौके पर पीरागढ़ी गांव निवासी 60 वर्षीय बिजेंद्र मृत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह टेंपो स्टैंड पर चौकीदार के रूप में काम करते थे। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को सड़क पर वाहन के टायरों के निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। जांच के दौरान सामने आया कि एक चार पहिया वाहन ने बिजेंद्र को दो बार कुचला था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए पश्चिम विहार सब डिवीजन की विशेष टीमों और बाहरी जिला पुलिस की ऑपरेशन यूनिट को लगाया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और वाहन चालक की पहचान करने के लिए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी