ड्रग तस्करी के आरोप में दिल्ली विवि का छात्र गिरफ्तार, 20 लाख का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 195 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (ओजी) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित पढ़ाई के साथ-साथ ड्रग्स की तस्करी में भी शामिल था और कॉलेज छात्रों को नशीला पदार्थ सप्लाई करता था। आरोपित की पहचान जसीम सियादुल फरसान (22) के रूप में हुई है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में बीए का छात्र है। वर्तमान में विजय नगर डबल स्टोरी इलाके में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास केरल के कोझिकोड जिले में है।
उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली थी कि विजय नगर डबल स्टोरी के पास एक पार्क में हाइड्रोपोनिक गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसआई चंद्रपाल, हेड कांस्टेबल सौरभ, स्वयं, सुधीर, पवन, मंजू, रचना और कांस्टेबल डागी रिबा की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर जसीम को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 195 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह आसानी से अधिक पैसा कमाने और आलीशान जीवनशैली अपनाने के लिए नशा तस्करी के धंधे में उतरा था। उसने पुलिस को बताया कि वह हाइड्रोपोनिक गांजा की खरीद कर उसे मांग के अनुसार विभिन्न ग्राहकों तक पहुंचाता था। जांच में यह भी सामने आया कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज के छात्रों को भी नशीले पदार्थ की आपूर्ति करता था।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मॉडल टाउन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपित को हाइड्रोपोनिक गांजा की खेप कहां से मिलती थी और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस उसकी सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

