home page

नंदीग्राम में महिला पर धारदार हथियार से हमला, हत्या के प्रयास का आरोप

 | 
नंदीग्राम में महिला पर धारदार हथियार से हमला, हत्या के प्रयास का आरोप


नंदीग्राम, 09 जून (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या का प्रयास किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, नंदीग्राम-एक ब्लॉक के सोनाचूड़ा ग्राम पंचायत की निवासी महिला अपने दो बच्चों के साथ घर पर रह रही थी। उसके पति और सास काम के सिलसिले में ओडिशा में रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे स्थानीय लोगों ने घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर वहां पहुंचने पर महिला को रक्तरंजित अवस्था में पाया। उसके गले, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले। घायल महिला को नंदीग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कालीचरणपुर गांव के निवासी प्रवीर दास ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

खबर लिखे जाने तक हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता