लापता युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला
जौनपुर, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनुआ में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित एक सुनसान कुएं में उतराता हुआ मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
धनुआ गांव निवासी राधेश्याम सरोज की पुत्री निधि सरोज (18) 22 मई की सुबह लगभग 5 बजे घर से निकली और वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने रामपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर स्थित पुराने कुएं में युवती का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। शव की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना रामपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवती का शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ लोग घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

