home page

महिला विवाद की पंचायत बनी खूनी संघर्ष की वजह, दो मासूम बहनों की पानी के होद में डुबोकर हत्या

 | 
महिला विवाद की पंचायत बनी खूनी संघर्ष की वजह, दो मासूम बहनों की पानी के होद में डुबोकर हत्या


धार, 09 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम जामपाड़ा में सोमवार रात महिला विवाद को लेकर बुलाई गई आदिवासी समाज की पंचायत अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि चार और पांच साल की दो मासूम बहनों की कथित तौर पर पानी के होद में डुबोकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को हिरासत में लिया है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत हनुमंतिया के सरपंच द्वारा एक विवाहित महिला को अपने साथ रखने के आरोप को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले के समाधान के लिए महिला के ससुराल पक्ष और रिश्तेदार ग्राम पटलावदिया से जामपाड़ा पहुंचे थे। यहां पास के क्रिकेट मैदान में आदिवासी परंपरा के तहत समझौता बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें हनुमंतिया के सरपंच और गांव के लोग भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन सकी और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद महिला पक्ष से जुड़े कुछ लोग गांव में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियारों के इस्तेमाल और हवाई फायरिंग की भी सूचना सामने आई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इसी बीच जामपाड़ा निवासी दिनेश कटारा की चार वर्षीय बेटी ऋषिका और पांच वर्षीय शिवानी घर के बाहर मौजूद थीं। आरोप है कि हमलावर दोनों बच्चियों को उठाकर पास के पानी के होद तक ले गए और उन्हें डुबो दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद उपद्रवियों ने आसपास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और एक तूफान वाहन से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू की और अब तक 21 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरदारपुर एसडीओपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चियों की मौत को हत्या मानते हुए प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi