जबलपुर : सुकून होटल मामले में पूर्व तहसीलदार सहित चार पर एफआईआर दर्ज,
जबलपुर, 24 मई (हि.स.)। मघ्य प्रदेश के जबलपुर में माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित कटंगी बाइपास पर स्थित होटल सुकून के संचालक और विवादित रहे पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी सहित अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों से मारपीट करने का आरोप है।
दरअसल, शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल सुकून पहुंच गए थे। संगठन के पदाधिकारियों ने होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। बजरंग दल का आरोप है कि कमरे में एक मुस्लिम युवक और दो हिंदू युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद थीं। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों के बीच मारपीट भी हुई। आरोप है कि होटल संचालक एवं पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी का प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट की स्थिति भी बनी।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने रविवार को बताया कि हिंदू संगठनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विवेक त्रिपाठी, सार्थक सोनी, फराज अली और मोइनुद्दीन के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
पुलिस जांच के दौरान होटल के रजिस्टर में संबंधित लोगों की एंट्री दर्ज नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल में मौजूद दो युवकों और दो युवतियों को पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। साथ ही होटल के दस्तावेज, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
इधर, शहर में “सुकून” नाम से संचालित अन्य होटल और रिसॉर्ट्स को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सुकून रिजॉर्ट, सुकून होटल और सुकून बीएंडबी में भी अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के आरोप लगाए हैं। संगठन ने प्रशासन से ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की जांच कराने की मांग की है।
तिलवारा क्षेत्र के पास संचालित सुकून रिजॉर्ट को लेकर भी देर रात शराब पार्टियां आयोजित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नर्मदा नदी के आसपास शराब सेवन और पार्टी पर प्रतिबंध होने के बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

