रायपुर : इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
एक बदमाश के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर, 24 मई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के थाना दीनदयाल नगर अंतर्गत इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के ईडब्लूएस एवं एलआईजी क्वार्टर में आज रविवार तड़के सुबह एसीपी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में थाना प्रभारी पुरानी बस्ती, आमानका एवं डी.डी. नगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्र में सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 138 मकानों में सर्चिंग कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई तथा 25 संदिग्ध मोटरसाइकिलों के नंबर नोट कर सत्यापन हेतु लिया गया। साथ ही एक बदमाश के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान क्षेत्र के किरायेदारों को किराएदार सत्यापन एवं किरायानामा संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस टीम द्वारा मकान मालिकों को हिदायत दी गई कि, वे अपने किरायेदारों का पूर्ण विवरण एवं किरायानामा संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
साथ ही किरायेदारों को कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने हेतु समझाइश दी गई। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना को दें।
सम्पूर्ण कार्रवाई एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में थाना प्रभारी डीडी नगर गौतम चंद गावड़े, थाना प्रभारी पुरानी बस्ती विनय सिंह, थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल, थानों के स्टाॅफ एवं 80 पुलिस जवानों के द्वार सघन चेकिंग करवाई पूर्ण की गईl
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

