पच्छाद में युवक से अवैध देसी शराब बरामद, मामला दर्ज
नाहन, 24 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 24 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मई की रात थाना पच्छाद की टीम कुमारहट्टी-नाहन सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एसडीएम कार्यालय पच्छाद के पास सरांहा बस स्टैंड की ओर से एक व्यक्ति सफेद रंग का थैला लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़ा और तेजी से चलने लगा, जिस पर पुलिस को शक हुआ।
पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान सूरज शर्मा निवासी गांव भाट का गांव, डाकघर भेलन, तहसील पच्छाद के रूप में बताई। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद बोरी की तलाशी ली तो उसमें दो गत्ते की पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 12-12 कांच की बोतलें रखी थीं। इस तरह कुल 24 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

