अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, चार आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 9 जून (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कबीर नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कान्हा ढाबा के पीछे, ई.पी. रोलिंग मिल के पास घेराबंदी कर अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल का काला बाजार संचालित करते हुए 4 शातिर आरोपितों को आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना कबीर नगर को सूचना मिली थी कि, कबीर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गिरोह द्वारा भारी मात्रा में अवैध डीजल और पेट्रोल को डंप कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर कान्हा ढाबा के पीछे दबिश दी गई।
मौके पर पुलिस ने पाया कि आरोपित बिना किसी वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित और अवैध भंडारण कर रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मौके से 4 आरोपितों को दबोचा।
आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में ईंधन और कटिंग के उपकरण बरामद किए हैं, जिसमें पेट्रोल: 8 ड्रमों में भरा हुआ कुल 1,600 लीटर पेट्रोल, 03 ड्रमों में भरा हुआ कुल 500 लीटर डीजल, एक बड़े टैंकर में भरा हुआ कुल 12,000 लीटर डीजल एवं 1 लाख 30 हजार रुपये नगद व अन्य उपकरणों में 01 मोटर पंप, 02 चाड़ी (कीप), और 01 अदद कटिंग ड्रम बरामद हुआ है। जब्त किए गए कुल 14,100 लीटर ईंधन, टैंकर और उपकरणों की कुल जुमला कीमत 35,45,770 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया निवासी सुभाष चौक उरला रायपुर, उमेश साव निवासी दुर्गा नगर,बीरगांव, रामजी यादव निवासी पावर हाउस कैम्प 1, दुर्ग, धर्मेन्द्र साव निवासी मिनी माता नगर खुर्सीपार दुर्ग है।
उक्त आरोपितों का यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं 3-ESS 7-ESS एवं 287, 111 BNS के तहत दंडनीय होने के कारण थाना कबीर नगर में अपराध पंजीबद्ध कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है। आरोपित पूर्व में थाना उरला एवं आमानाका में इसी प्रकार अवैध तेल का कारोबार करते पकड़े जा चुके हैं जिन पर पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

