ग्वालियर: रेत डंपिंग विवाद में रिटायर्ड बीएसएफ जवान ने ससुर-दामाद को मारी गोली, एक की मौत, दूसरा गंभीर
ग्वालियर, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पटरी रोड इलाके में बुधवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सरकारी जमीन पर रेत डंप करने को लेकर चल रहे विवाद में बीएसएफ के रिटायर्ड जवान विष्णु दुबे और उसके साथियों ने ससुर-दामाद पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना में दामाद महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ससुर सत्यभान गुर्जर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। भोला गुर्जर अपने ससुर सत्यभान गुर्जर के साथ पटरी रोड से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, आरोपियों ने कट्टों और पिस्तौल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गोलियां लगते ही दोनों व्यक्ति सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण भोला गुर्जर (26 वर्ष) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सत्यभान गुर्जर के शरीर में फंसी गोलियों को निकालने के लिए ऑपरेशन किया जा रहा है। उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच सरकारी भूमि पर रेत डंप करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हमले की साजिश रची गई। पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी के रूप में रिटायर्ड बीएसएफ जवान विष्णु दुबे और उसके साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अस्पताल से लेकर इलाके तक तनाव
घटना के बाद मृतक भोला गुर्जर के परिजनों और गुर्जर समाज में भारी आक्रोश फैल गया। अस्पताल परिसर से लेकर महाराजपुरा पटरी रोड तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। क्विक रिस्पॉन्स फोर्स सहित कई थानों की पुलिस मौके पर निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित
एडिशनल एसपी सुमन सिंह गुर्जर ने बताया कि रेत के विवाद पर विष्णु दुबे ने अपने साथियों के साथ गोलियां चलाई हैं, इसमें भोला गुर्जर नामक युवक की मौत हो गई है जबकि सत्यभान गुर्जर अस्पताल में भर्ती है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है उनकी तलाश में पुलिस पार्टियाँ रवाना की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी विष्णु दुबे और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई गई हैं। मुरार, भिंड और मुरैना सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

