home page

शराब पार्टी में हुए झगड़े ने ली मजदूर की जान, हत्या का आरोपित आठ घंटे में गिरफ्तार

 | 
शराब पार्टी में हुए झगड़े ने ली मजदूर की जान, हत्या का आरोपित आठ घंटे में गिरफ्तार


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने एक हत्या के मामले का महज आठ घंटे में पर्दाफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कैंची और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जिसकी चाकूनुमा कैंची से किए गए हमले में मौत हो गई थी।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने मंगलवार काे बताया कि पांच जून को सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को घायल अवस्था में डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल कृष्ण कुमार अपनी हालत के कारण घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। बाद में वह अस्पताल स्टाफ को बिना बताए अस्पताल से चला गया और पुलिस से भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कही। अगले दिन 6 जून को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि कृष्ण कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के कार्यस्थल का पता लगाया। कृष्ण कुमार गांधी नगर के रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि चार जून की रात फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झगड़े के दौरान अरवाज नामक कर्मचारी ने पहले टाइगर नाम के एक अन्य कर्मचारी पर हमला किया और फिर कृष्ण कुमार पर कैंची से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार की बाद में मौत हो गई।

चश्मदीदों के बयान से खुला राज

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर सात जून को गांधी नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया। एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज होने के महज आठ घंटे के भीतर आरोपित अरवाज (27), निवासी संगम विहार, दक्षिण दिल्ली को उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कैंची और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए। पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज और अन्य फोरेंसिक साक्ष्य भी सुरक्षित कर लिए हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित नाबालिग अवस्था में एक गंभीर आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में संगम विहार थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307 आईपीसी) का मामला दर्ज हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी