सड़क किनारे सब्जियां बेचने पर मामला दर्ज, यातायात बाधित करने का आरोप
शिमला, 09 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे सब्जियां बेचकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हेड कांस्टेबल हरीश कुमार की ओर से भेजे गए रुका के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले के अनुसार 8 जून की शाम करीब 5:30 बजे पुलिस टीम नोगली बाजार क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को सड़क के एक हिस्से पर कब्जा कर सब्जियां बेचते हुए पाया।
पुलिस के मुताबिक उक्त व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय हीरा दास, निवासी गांव भदावली, डाकघर भदावली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोप है कि सड़क के हिस्से पर सब्जियां बेचने के कारण वहां यातायात प्रभावित हो रहा था और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस तरह अतिक्रमण होने से न केवल वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है, बल्कि आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा पर भी असर पड़ता है। इसी आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क पर कब्जा कर कारोबार किए जाने से यातायात व्यवस्था पर कितना प्रभाव पड़ा और नियमों का किस स्तर पर उल्लंघन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

