home page

हत्या के मामले में बीस हजार का इनामी बदमाश धाकड़ सरकार गिरफ्तार

 | 
हत्या के मामले में बीस हजार का इनामी बदमाश धाकड़ सरकार गिरफ्तार


जयपुर, 24 मई (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे बीस हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के बाद लगातार ठिकाने बदलकर दोस्तों के यहां पनाह ले रहा था। पुलिस ने उसे प्रताप नगर इलाके से दबोच लिया। मामले में उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कौशल नागर उर्फ ‘धाकड़ सरकार’ (26) निवासी नैनवा, बूंदी है। आरोपी को प्रताप नगर सेक्टर-35 स्थित एक अपार्टमेंट में छिपे होने की सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार कौशल नागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बूंदी निवासी चेतराम गुर्जर (30) की हत्या की थी। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने सांगानेर क्षेत्र में स्थित अपना किराए का कमरा खाली कर दिया था और परिवार को भी दूसरे गांव में शिफ्ट कर दिया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर एयरपोर्ट के पास चाय की दुकान चलाता था। सोशल मीडिया पर वह ‘धाकड़ सरकार’ और ‘ग्रुप सरकार’ नाम से सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक आरोपी थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों के काफिले के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ाता था। इलाके में खौफ कायम करने के लिए मारपीट और जानलेवा हमलों की सुपारी लेने की भी बात सामने आई है। इसी कारण उसे ‘कौशल सुपारी’ के नाम से भी जाना जाता था।

सहायक पुलिस आयुक्त (चाकसू) भवानी सिंह ने बताया कि कौशल नागर ने पिता बनने की खुशी में 6 अप्रैल को गांव में दोस्तों को पार्टी दी थी। पार्टी के बाद लौटते समय उसके दोस्त हरकेश नागर को गांव के महेश राज गुर्जर ने रोक लिया। विवाद होने पर हरकेश ने कौशल को मौके पर बुला लिया। इस दौरान महेशराज ने अपने चचेरे भाई चेतराम गुर्जर को भी बुला लिया। कहासुनी बढ़ने पर चेतराम और कौशल के बीच मारपीट हुई। उसी दौरान कौशल नागर ने चेतराम को देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद 1 मई को चेतराम गुर्जर जयपुर के सांगानेर सदर क्षेत्र में अपने परिचित की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। इसी दौरान आरोपियों ने गांव की रंजिश का बदला लेने के लिए उस पर लाठी और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी कौशल नागर पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपी लगातार दोस्तों के यहां पनाह लेकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में शामिल आरोपी देवांश शर्मा और विशाल मदेरणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। फिलहाल पुलिस मास्टरमाइंड कौशल नागर से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश