सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उरई, 09 जून (हि.स.)। सिरसाकलार थाना क्षेत्र के रनिया गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी बृजेश द्विवेदी के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के रनिया गांव के हीरापुर रोड पर बृजेश द्विवेदी का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घटना से करीब दो घंटे पहले बृजेश द्विवेदी का गांव के ही रज्जन द्विवेदी से शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद दोनों अलग हो गए थे, लेकिन कुछ समय बाद बृजेश का शव सड़क किनारे मिलने से मामला गंभीर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि झगड़े के बाद बृजेश की हत्या की गई है। वहीं, घटना के बाद आरोपित रज्जन द्विवेदी के मौके से फरार होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

