home page

शिमला आ रही पंजाब रोडवेज बस में 48 ग्राम चिट्टा बरामद, पटियाला का युवक गिरफ्तार

 | 
शिमला आ रही पंजाब रोडवेज बस में 48 ग्राम चिट्टा बरामद, पटियाला का युवक गिरफ्तार


शिमला, 09 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला में कालका-शिमला हाइवे पर प्रवेश द्वार शोघी के पास पंजाब रोडवेज की एक बस में यात्रा कर रहे युवक के कब्जे से 48 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 8 जून को स्पेशल सेल शिमला की टीम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान शोघी पुलिस चौकी के नजदीक निगरानी और जांच अभियान चलाया गया। सूचना के मुताबिक एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर बस के माध्यम से शिमला की ओर आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने पंजाब रोडवेज की एक बस को जांच के लिए रोका और उसमें सवार संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान 31 वर्षीय विक्की पुत्र किशन कुमार निवासी गांव धमोली, तहसील राजपुरा, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही आरोपी के संपर्कों और उसके संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 10 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी। जांच के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल के दिनों में जिले में चिट्टा तस्करी से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है। उनका कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा