दोहरे हत्याकांड का आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शाहदरा के चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में वांछित हाशिम बाबा गैंग के शार्प शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपित के कब्जे से एक अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सीलमपुर निवासी आमिर उर्फ सलीम उर्फ तिल्लन के रूप में हुई है। वह जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा का करीबी सहयोगी और गैंग का सक्रिय शूटर है। आमिर शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड में वांछित था।
क्राइम ब्रांच के विशेष पुलिस आयुक्त एच.जी.एस. धालीवाल ने मंगलवार काे बताया कि आठ जून को एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (एआरएससी) को सूचना मिली थी किदोहरे हत्याकांड मामले का वांछित आरोपित आमिर शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया।
विशेषपुलिस आयुक्त के अनुसार रात करीब 10:48 बजे पुलिस टीम ने संदिग्ध को देखा और रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देख आरोपित ने भागने की कोशिश की और पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा और आरोपित को भागने से रोकने के लिए हेड कांस्टेबल मनोज ने जवाबी गोली चलाई, जो आरोपित के पैर में लगी। घायल होने के बावजूद आरोपित भागने का प्रयास करता रहा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से इटली निर्मित 0.32 बोर की एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में हत्या के प्रयास, पुलिस कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मामला दर्ज किया गया है।
दिवाली की रात हुई थी दोहरी हत्या
जांच के अनुसार 31 अक्टूबर 2024 को दिवाली के दौरान फर्श बाजार इलाके में आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा पर घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। हमले में दोनों की मौत हो गई थी, जबकि आकाश का बेटा कृष शर्मा घायल हो गया था। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया था कि यह हत्याकांड गैंगवार, पुरानी दुश्मनी और आर्थिक विवाद का नतीजा था। मामले में हाशिम बाबा गैंग से जुड़े शूटर अनिल उर्फ सोनू मटका, आमिर उर्फ तिल्लन और एक नाबालिग की भूमिका सामने आई थी।
पुलिस के मुताबिक आकाश शर्मा की हत्या के बाद पूर्वी दिल्ली में गैंगवार और तेज हो गई थी। बदले की कार्रवाई के तहत दिसंबर 2024 में कारोबारी सुनील जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि सुनील जैन असल निशाना नहीं थे, बल्कि गलत पहचान के कारण उनकी हत्या हुई थी। बाद में इस गैंगवार के प्रमुख आरोपित सोनू मटका को दिल्ली पुलिस और उप्र एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मेरठ में मार गिराया गया था। पुलिस का कहना है कि आमिर की गिरफ्तारी से इस चर्चित डबल मर्डर मामले की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
आरोपित आमिर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के 14 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

