home page

प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का बड़ा जखीरा बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का बड़ा जखीरा बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तम नगर इलाके से प्रतिबंधित सिंथेटिक मांझे (चाइनीज मांझा) के 2040 रोल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों के साथ होने वाली संभावित गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सका।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर के हनुमान मार्केट स्थित एक परिसर में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंथेटिक मांझा जमा कर रखा गया है। यह मांझा विभिन्न सरकारी अधिसूचनाओं के तहत प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बावजूद अवैध रूप से इसकी बिक्री की जा रही थी। सूचना के बाद इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व टीम बनाई गई। टीम ने हनुमान मार्केट स्थित ग्राउंड फ्लोर परिसर पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान वहां 34 कार्टन बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टन में 60 रोल सिंथेटिक मांझा रखा हुआ था। कुल 2040 रोल जब्त किए गए। जांच में परिसर के मालिक की पहचान उत्तम नगर निवासी शैंकी सिंघल उर्फ कालू के रूप में हुई।

पूछताछ में शैंकी सिंघल ने पुलिस को बताया कि वह स्वतंत्रता दिवस के आसपास पतंगबाजी के बढ़ते चलन और अधिक मुनाफे को देखते हुए प्रतिबंधित मांझा बेचने की तैयारी कर रहा था। उसने बताया कि उसने व्हाट्सएप के माध्यम से उत्तम नगर के पतंग कारोबारी मनमोहन से 34 कार्टन चाइनीज मांझा खरीदा था। इसके बाद उसने इन्हें हनुमान मार्केट स्थित अपनी मौसमी दुकान में जमा कर रखा था, ताकि मांग बढ़ने पर अधिक कीमत पर बेचा जा सके। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मनमोहन को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। मनमोहन ने बताया कि वह अपने परिवार का थोक पतंग कारोबार संभालता है। बाजार में प्रतिबंधित मांझे की मांग अधिक होने के कारण उसने अधिक कमाई के लालच में इसकी खरीद-फरोख्त शुरू कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर वर्ष त्योहारों और पतंगबाजी के मौसम में चाइनीज मांझे से हादसों की संख्या बढ़ जाती है। इसकी धारदार और सिंथेटिक बनावट के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पक्षी भी इसकी चपेट में आकर घायल होते हैं या जान गंवा देते हैं। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार शैंकी सिंघल पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। वहीं मनमोहन के खिलाफ भी पूर्व में कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी