home page

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए बीमा कंपनी से 25 लाख हड़पने वाले दंपति गिरफ्तार

 | 
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए बीमा कंपनी से 25 लाख हड़पने वाले दंपति गिरफ्तार


लखनऊ, 5 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतंगज थाना पुलिस ने बुधवार को शातिर दंपति को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र व आधार कार्ड के जरिए बीमा कंपनी से 25 लाख रुपये हड़प लिए।

पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि हजरतगंज पुलिस ने शातिर अपराधी जानकीपुरम निवासी रवि शंकर उसकी पत्नी केश कुमारी को गिरफ्तार किया है। केश कुमारी ने 21 अप्रैल 2023 को बीमा कंपनी में दावा पेश किया उनके पति का निधन 9 अप्रैल 2023 को हो गया और उन्हें मृत्यु लाभ का भुगतान मिलना चाहिए।

महिला की ओर से प्रस्तुत मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के आधार पर कंपनी ने दावा स्वीकारते हुए एनईएफटी के जरिए 25 लाख रुपये केश कुमारी के खाते में भेज दिए। बाद में कंपनी के एक आंतरिक जांच में पाया गया कि बीमाधारक रविशंकर जीवित है और उनकी मृत्यु फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर दर्शाई गई थी। मृत्यु का दावा एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया है। कंपनी के अधिकारी संदीप मधुकर की तहरीर पर 9 अक्टूबर 2025 को मुकदमा दर्ज हुआ।

पुलिस ने मंगलवार देर रात को पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन लोगों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें काेर्ट में भेजा, जहां से दंपति काे जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक