home page

मुजफ्फरपुर में 'किसान श्री' पुरस्कार विजेता की गोली मारकर हत्या

 | 
मुजफ्फरपुर में 'किसान श्री' पुरस्कार विजेता की गोली मारकर हत्या


मुजफ्फरपुर, 09 जून (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बोचहा थाना क्षेत्र के सलहां गांव की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने किसान हरेराम चौधरी उर्फ राजू चौधरी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दो बाइक सवार अपराधी सलहां गांव स्थित राजू चौधरी की दुकान पर पहुंचे। दोनों हमलावर दुकान के भीतर घुसे और बिना किसी बातचीत के उन पर कई राउंड गोलियां चला दीं। गोली लगते ही राजू चौधरी दुकान में ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग, परिजन और खेतों में काम कर रहे मजदूर घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल किसान को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक हरेराम चौधरी क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों में गिने जाते थे। कृषि क्षेत्र में उनके नवाचार और विशेष खेती तकनीकों के कारण उन्हें व्यापक पहचान मिली थी। उनके उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए बिहार सरकार की ओर से उन्हें ‘किसान श्री’ सम्मान से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों भी सम्मान प्राप्त हुआ था। खेती के साथ-साथ वे गांव में किराना दुकान का भी संचालन करते थे।

घटना की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य आपराधिक कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी