home page

सिरमौर : यूनिवर्सिटी के शौचालय में छात्राओं के वीडियो बनाने के आरोप में सफाई कर्मी गिरफ्तार

 | 

नाहन, 24 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में एक यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के कथित वीडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस ने एक सफाई कर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार यह मामला राजगढ़ उपमंडल के बडू साहिब स्थित एटरनल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल का है। आरोप है कि हॉस्टल में काम करने वाला एक सफाई कर्मी मोबाइल फोन से छात्राओं के वीडियो बना रहा था। जैसे ही इस बात की जानकारी छात्राओं को मिली, हॉस्टल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है। छात्राओं को शक होने पर उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन छात्राओं ने उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यदि वीडियो बनाए गए थे तो उन्हें कहीं साझा तो नहीं किया गया।

पुलिस के अनुसार फिलहाल इस मामले में एक ही व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से कथित वीडियो डिलीट करने की कोशिश भी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर