अमर कॉलोनी में लड़की को घूरने पर विवाद, 17 साल के लड़के के सिर में मारी गोली, एक नाबालिग पकड़ा
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक लड़की को घूरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया। 17 वर्षीय एक किशोर को सिर में गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम अमर कॉलोनी मार्केट की है। घायल किशोर अपनी महिला मित्र के साथ एक खाने-पीने की दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान कार से आए तीन युवक वहां रुके और स्नैक्स लेने लगे। आरोप है कि तीनों लड़के किशोर की महिला मित्र को घूर रहे थे। इसी बात को लेकर 17 वर्षीय किशोर ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि शुरुआती विवाद के बाद आरोपितों ने माफी मांग ली और मामला शांत होता दिखाई दिया। लेकिन करीब चार-पांच मिनट बाद हालात अचानक बदल गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों में से एक युवक अपनी कार के पास गया, वहां से पिस्टल निकाली और किशोर पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सिर में लगी और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद उसकी महिला मित्र चीखने लगी, जबकि तीनों आरोपित मौके से पैदल फरार हो गए।
आसपास मौजूद दुकानदारों और फूड स्टॉल कर्मचारियों की मदद से घायल किशोर को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल लड़के की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की टीमों को आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी में लगाया गया। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद क्राइम ब्रांच ने 16 वर्षीय एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात से पहले फरीदाबाद से कार में आए थे। पकड़े गए नाबालिग से पूछताछ जारी है। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के दौरान मौजूद किशोरी को काउंसलिंग दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

