home page

ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटे दिल्ली पुलिस का सिपाही, कार में मिला शव

 | 

नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर थाने में तैनात एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिपाही का शव हरियाणा के रोहतक रोड स्थित रोहद टोल के पास उनकी कार के अंदर मिला। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।

उत्तर पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार काे बताया कि सिपाही सुधीर उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर थाने में तैनात थे।आठ जून की सुबह करीब 9:35 बजे कांस्टेबल सुधीर के साले सहदेव ने सूचना दी कि वह ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटे हैं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान हरियाणा के रोहतक रोड पर रोहद टोल के पास एक हुंडई आई-20 कार खड़ी होने की सूचना मिली, जिसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ दिखाई दे रहा था।

उन्होंने बताया कि सूचना पर स्थानीय थाना सांपला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार के अंदर मौजूद व्यक्ति की जांच की तो वह अचेत अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम और अन्य मेडिको-लीगल औपचारिकताओं के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी