home page

देवरिया : बाेलेराे से बिहार जा रही 35 पेटी अवैध देशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
देवरिया : बाेलेराे से बिहार जा रही 35 पेटी अवैध देशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार


देवरिया, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के थाना बनकटा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 35 पेटी अवैध देशी शराब बरामद कर एक अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की मात्रा 315 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 87 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बोलेरो वाहन को भी कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान गजहड़वा बतरौली तिराहे से लगभग 100 मीटर पहले मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन से बिहार की ओर अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बोलेरो वाहन संख्या BR 28 B 4656 को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से “बंटी बबली” ब्रांड की 35 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि शराब के कुल 1575 पाउच बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 315 लीटर है।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रितेश कुमार यादव पुत्र संजय यादव निवासी परसौनी थाना श्रीरामपुर जनपद देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ थाना बनकटा में 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे, उपनिरीक्षक संतोष कुमार मौर्य तथा कांस्टेबल राकेश कुमार तिवारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक