कानपुर : 48 घंटे में 239 वारंटी गिरफ्तार, 389 एनबीडब्ल्यू वारंटों की हुई तामील
कानपुर, 09 जून (हि.स.)। अपराध नियंत्रण और न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की प्रभावी तामील के लिए चलाए गए 48 घंटे के विशेष अभियान में कानपुर नगर पुलिस ने 239 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान कुल 389 एनबीडब्ल्यू वारंटों की तामील सुनिश्चित की गई, जबकि विभिन्न मामलों में वांछित सात अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने मंगलवार को बताया कि जून से दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत कमिश्नरेट के सभी जोनों और थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर हत्या, लूट, डकैती, चोरी, छिनैती, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर मामलों में वांछित अपराधियों और वारंटियों की तलाश में सघन चेकिंग, सत्यापन और दबिश की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए 239 वारंटियों को न्यायालय में पेश किया गया। इसके अलावा 14 वारंटी स्वयं अदालत में उपस्थित हुए। सत्यापन के दौरान 41 वारंटियों की मृत्यु की पुष्टि हुई, जबकि 30 मामलों में संबंधित न्यायालयों से वारंट निरस्त पाए गए। 65 वारंटों में अदम तामील की रिपोर्ट नियमानुसार भेजी गई। पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में इस तरह के अभियानों के दौरान कुल 619 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। वहीं, विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

