सिरसा: यूके भेजने के नाम पर 26 लाख रुपये की ठगी,महिला गिरफ्तार
सिरसा, 05 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर करीब 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरोह की एक महिला को गिरफ्तार किया है। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने गुरुवार को बताया कि जिले के गांव मौजू की ढाणी निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में विनोद कुमार ने बताया कि वह परिवार सहित विदेश जाने का इच्छुक था और उसकी मुलाकात सुखेराखेड़ा निवासी राजन से हुई। राजन ने विनोद कुमार से कहा कि उसका भाई अमनदीप व सचिन यूके में रहते हैं और मैं उनसे बात कर आपको जल्द ही यूके भिजवा दूगां आप पैसों का इंतजाम करें। आरोपी राजन ने पीडि़त व्यक्ति को परिवार सहित यूके भेजने का पूरा प्रोसस बताते हुए 32 लाख रुपए की डिमांड की और पूरे परिवार को वर्क परमिट वीजा पर यूके भेजने का आश्वासन दिया । राजन ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवा कर जल्द यूके भेजने का वीजा लगवाने का आश्वासन देकर पीडि़त व्यक्ति से 26 लाख 19 हजार 200 रुपए की धोखाधड़ी कर ली और उसे विदेश भेजने का झांसा देते रहे।
एसपी ने बताया कि पीडि़त व्यक्ति ने चेक द्वारा 5 लाख रुपये और बाद में अन्य किश्तों के रूप में 26 लाख 19 हजार 200 रुपये अमनदीप और उसके परिवार के सदस्यों को दिए। इसके बाद, अमनदीप और उसके परिवार के सदस्य लगातार आश्वासन देते रहे कि उनका काम जल्द ही हो जाएगा। लेकिन जब विनोद कुमार ने समय पर वीजा या विदेश यात्रा की स्थिति के बारे में पूछा तो आरोपियों ने उन्हें हर बार एक नया बहाना बनाकर झूठा आश्वासन देते रहे।
पीडि़त व्यक्ति की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई। जांच आर्थिक अपराध शाखा सिरसा पुलिस को सौंपी गई । एसपी दीपक सहारण ने बताया कि जांच के दौरान आर्थिक अपराध शाखा की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में सलिंप्त महिला आरोपी माया देवी निवासी गांव सुखेराखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है जो भी व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

