नकदी के साथ पकड़ा बदमाश निकला वांछित, 10 हजार का था इनाम
चित्तौड़गढ़, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिले की मंगलवाड थाना पुलिस की और से पकड़ी गई 19 लाख 50 हजार संदिग्ध रुपये की जब्ती के मामले में बड़ी सफलता मिली है। नकदी के साथ पकड़ा आरोपित बाड़मेर जिले का 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश निकला। बाड़मेर जिले के पुलिस थाना बाडमेर ग्रामीण में मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित था। इस आरोपित को चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बाड़मेर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस थाना मंगलवाड ने 19 लाख 50 हजार संदिग्ध रुपये की जब्ती की थी। इस मामले में एएसपी चित्तौड़गढ़ सरितासिंह के निर्देशन, डीएसपी बडीसादडी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी मंगलवाड़ भगवानलाल की टीम ने कार्रवाई की थी। टीम ने मामले में आरोपित भवानीसिह चौधरी पुत्र भारूराम चौधरी निवासी महावीर नगर बाडमेर को गिरफ्तार किया था। इसके कब्जे से 19 लाख 50 हजार रुपये की नकदी मिली, जिसके संबंध में वह संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया था। मामले में आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ईमेल से प्रदेश के सभी थानाधिकारी को सूचना भेजी थी। इस पर बाडमेर के ग्रामीण थानाधिकारी ने फोन पर सूचना दी कि आरोपित उनके एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया है। इस पर आरोपित भवानीसिंह चौधरी को गिरफ्तार करने बाड़मेर पुलिस बुधवार को चित्तौड़गढ़ जिले में पहुंची। यहां मंगलवाड़ थाना पुलिस ने आरोपित को बाड़मेर पुलिस को सौंप दिया। इधर, मंगलवाड़ थाना पुलिस की और से जब्त की गई नकदी के संबंध में अनुसंधान जारी है। 19 लाख 50 हजार रुपये के बारे में आरोपित संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। इस पर नकदी को लेकर जांच जारी है। साथ ही जब्त की गई नकदी के तस्करी की राशि होने की आशंका है। इसका कारण है कि आरोपित पहले से ही तस्करी में लिप्त होकर इनाम जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

