home page

चित्तौड़गढ़ में 71 किलो डोडा चूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
चित्तौड़गढ़ में 71 किलो डोडा चूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 24 मई (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ जिले की सदर थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 71 किलो 230 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार तथा एस्कॉर्ट के रूप में इस्तेमाल की जा रही दूसरी कार को भी जब्त किया है। आरोपियों के पास से 1 लाख 82 हजार 430 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम ने धनेत रोड पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक एक्सयूवी-300 कार को रुकवाया गया। कार चालक पुलिस को देखकर घबराया हुआ नजर आया। इसी दौरान उसके पीछे आ रही आई-20 कार का चालक नाकाबंदी देखकर वाहन घुमाकर भागने लगा। पुलिस को गतिविधियां संदिग्ध लगने पर दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आई-20 कार में प्लास्टिक के कट्टों में भरा 71 किलो 230 ग्राम कुचला हुआ डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आई-20 कार चालक गोविन्द जाट निवासी कालाखेड़ा थाना गंगरार तथा एक्सयूवी-300 चालक सोहनलाल जाट निवासी बोदियाना थाना चंदेरिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाशी में 1 लाख 82 हजार 430 रुपये नकद भी मिले, जिन्हें और अधिक डोडा चूरा खरीदने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने नकदी जब्त कर दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।

कार्रवाई में सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह, एएसआई बलवंतसिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार, हेमवृत सिंह, भागीरथ, डूंगर सिंह, नरेन्द्र सिंह तथा जिला विशेष टीम के हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतनसिंह, अमित कुमार, अजय कुमार, बलराम, शीशराम एवं प्रीतम शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल