नैनो उर्वरकों से बढ़ा किसानों का भरोसा, कम लागत में बेहतर उत्पादन की उम्मीद
कोरबा, 9 जून (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे उन्नत उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को खेती में बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। सहकारी समितियों के माध्यम से खाद, बीज और उर्वरकों की समय पर उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
कोरबा जिले के ग्राम तिलकेजा निवासी किसान दिनेश अग्रवाल आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। करीब 12.5 एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले दिनेश अग्रवाल ने खरीफ सीजन की तैयारियों के दौरान सहकारी समिति से खाद, बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री के साथ नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया प्राप्त किया।
दिनेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी नैनो उर्वरकों का उपयोग किया था, जिससे फसल की बढ़वार और उत्पादन में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। उनके अनुसार नैनो डीएपी और नैनो यूरिया फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं, जिससे पोषक तत्वों का बेहतर अवशोषण होता है और फसल विकास को गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों का महत्व लगातार बढ़ रहा है और नैनो उर्वरक किसानों के लिए कम लागत में अधिक उत्पादन देने वाला प्रभावी विकल्प बनकर उभर रहे हैं। किसानों के बीच भी इनके प्रति जागरूकता बढ़ रही है और बड़ी संख्या में किसान इनके उपयोग में रुचि दिखा रहे हैं।
किसान दिनेश अग्रवाल ने बताया कि खेती में समय पर खाद, बीज और उर्वरकों की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस वर्ष सहकारी समिति में सभी आवश्यक कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध होने से खेती की तैयारी समय पर पूरी हो सकी, जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि, आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और वैज्ञानिक उर्वरकों के उपयोग से खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाया जा सकता है। बदलते समय के साथ किसानों को नई तकनीकों को अपनाना चाहिए ताकि कृषि क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।
दिनेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, किसानों को खाद, बीज, नैनो डीएपी, नैनो यूरिया सहित अन्य कृषि आदान सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे खेती के कार्यों में सुविधा मिल रही है और किसान बिना किसी परेशानी के कृषि कार्यों को आगे बढ़ा पा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

