बीजापुर के शांतिनगर वार्ड में पेयजल संकट को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
बीजापुर, 09 जून (हि.स.)। नगर पालिका क्षेत्र के शांतिनगर वार्ड में पेयजल संकट को लेकर पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर के नेतृत्व में आज मंगलवार काे बड़ी संख्या में शांतिनगर वार्ड की महिलाओं ने नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया और तत्काल जलापूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
धरना दे रही महिलाओं का कहना था कि पिछले पांच दिनों से शांतिनगर में नियमित जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा बाधित होना गंभीर विषय है, और नगर पालिका को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) बंसीलाल नूरेटी ने बताया कि शांतिनगर क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 35 टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में तकनीकी खराबी आने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। मरम्मत का कार्य जारी है और आज शाम तक समस्या दूर कर नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

