खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध खनन में तीन जेसीबी और 16 ट्रैक्टर जब्त
कोरबा, 24 मई (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और गौण खनिजों के अवैध परिवहन पर लगाम कसने के लिए खनिज विभाग ने रविवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जेसीबी मशीनों और 16 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निरीक्षण और जांच की। जांच के दौरान डौका गुड़ा से एक ट्रैक्टर, विजयपुर से दाे ट्रैक्टर, सुतर्रा से एक ट्रैक्टर तथा आमाखोखरा से ईंट से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। वहीं ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनों को मौके पर पकड़ा गया।
इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। डुमरकछार में भी मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त दाे ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन पर कार्रवाई की गई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
खनिज विभाग ने जप्त सभी वाहनों को नियमानुसार संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा है। पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं खनि निरीक्षक मदन साहू तथा सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुई। विभागीय टीम ने मौके पर दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई भी की।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। इसी को देखते हुए प्रशासन अब ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

