माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अमिता श्रीवास के स्वास्थ्य लाभ को लेकर राज्य सरकार सतर्क
जांजगीर-चांपा, 24 मई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई 2026 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) फतह कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीयस्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ की बेटी ने विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा फहराकर नया इतिहास रचा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एवरेस्ट समिट के बाद बेस कैंप लौटने के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, शून्य से लगभग 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता श्रीवास की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर काठमांडू स्थित नाॅरविक इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार अमिता को गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जानकारी मिलते ही राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अमिता श्रीवास और उनके परिवार के साथ खड़ी है तथा उनके बेहतर उपचार के लिए लगातार संपर्क और सहयोग बनाए रखा जा रहा है। उन्होंने अमिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और हौसला प्रदेश के हजारों युवाओं को प्रेरित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

