home page

गंगरेल में 14 जून को होगी भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता, विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार

 | 
गंगरेल में 14 जून को होगी भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता, विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार


गंगरेल में 14 जून को होगी भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता, विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार


धमतरी, 9 जून (हि.स.)। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में 14 जून को भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को खेलों से जोड़ना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देना है।

मंगलवार को शहर के एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला पंचायत सदस्य एवं आयोजक खूबलाल ध्रुव ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 6 बजे गंगरेल बांध परिसर से होगा, जिसमें युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग रेस आयोजित की जाएगी ताकि सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय 5 हजार रुपये, तृतीय 2,500 रुपये तथा चतुर्थ स्थान के लिए 1,000 रुपये का नगद पुरस्कार निर्धारित किया गया है।

वहीं पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 25 हजार रुपये, तृतीय को 15 हजार रुपये, चतुर्थ को 5 हजार रुपये, पंचम को 2,500 रुपये तथा षष्ठम स्थान प्राप्त करने वाले को 1,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता का रेस मार्ग गंगरेल जलाशय से बरारी, मुड़पार और रूद्री होते हुए पुनः गंगरेल जलाशय तक निर्धारित किया गया है तथा इसकी कुल दूरी लगभग 10 से 12 किलोमीटर रहेगी। खूबलाल ध्रुव ने जिले सहित प्रदेशभर के युवाओं और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और समृद्ध भारत की आधारशिला हैं।

उन्होंने बताया कि, आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें नशे और अपराध जैसी प्रवृत्तियों से दूर रखना तथा बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों में खेल भावना का विकास, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही लोगों में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

आयोजकों का मानना है कि, गंगरेल बांध की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए आयोजक खूबलाल ध्रुव से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा