home page

भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दोपहर में सूनी पड़ रहीं सड़कें

 | 
भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दोपहर में सूनी पड़ रहीं सड़कें


धमतरी , 24 मई (हि.स.)। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचने से सुबह से ही गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगा है। सुबह 9 बजे के बाद तेज धूप और गर्म हवा लोगों को बेहाल कर रही है, जबकि 11 बजे के आसपास ही दोपहर जैसी तपिश महसूस होने लगती है। पसीने से तरबतर लोग जरूरी काम निपटाने के बाद जल्द से जल्द घर लौटने की कोशिश कर रहे हैं।

गर्मी का असर अब शहर की रफ्तार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। आम दिनों में चहल-पहल से भरे रहने वाले बाजार और चौक दोपहर होते-होते सूने नजर आने लगते हैं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोल बाजार, मकई चौक, बालक चौक, सदर मार्ग और मठ मंदिर चौक में भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम हो गई है। विशेष रूप से मकई चौक जैसे व्यस्त इलाके में भी सन्नाटा दिखाई दे रहा है। तेज धूप और तपती सड़कों के कारण लोग बिना टोपी, स्कार्फ और काला चश्मा लगाए बाहर निकलने से बच रहे हैं। वाहन चालकों को भी पूरे सुरक्षा इंतजाम के साथ सफर करते देखा जा रहा है। गर्मी का असर इतना अधिक है कि कई स्थानों पर सड़कों की डामर परत तक उखड़ने लगी है।भीषण गर्मी के चलते लोग अब शाम ढलने के बाद ही खरीदारी और जरूरी कामों के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।

स्वास्थ्य को लेकर बरतें सावधानी:

विशेषज्ञों ने इस भीषण गर्मी में सतर्क रहने की सलाह दी है। डा संदीप पटोंदा ने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं से शरीर की त्वचा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचना चाहिए। बाहर जाते समय टोपी, स्कार्फ और काला चश्मा अवश्य पहनें। वहीं डा यूएल कौशिक का कहना है कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए। समय-समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना जरूरी है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि इन दिनों सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों और बुजुर्गों को है, इसलिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा