home page

सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण निराकृत करने कलेक्टर के निर्देश

 | 
सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण निराकृत करने कलेक्टर के निर्देश


कोरबा, 9 जून (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज से शुरू हुए सीएम हेल्पलाइन पोर्टल को गंभीरता से लेते हुए प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित समाधान किया जाए।

बैठक में आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए खाद भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए वितरण में तेजी लाने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जुलाई माह के राशन वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए जून के अंत तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का पूर्ण भंडारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शेष किसानों का जल्द पंजीयन कराने, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए संयुक्त खाताधारकों का भी नियमानुसार पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण कार्य में प्रगति लाने और अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को केसीसी के लाभों की जानकारी देकर आवेदन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजना का लाभ दिलाने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को बारिश से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ को साप्ताहिक लक्ष्य तय कर आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा पहली किश्त प्राप्त हितग्राहियों के आवास निर्माण तत्काल शुरू कराने के लिए कहा।

बैठक में डीएमएफ मद के तहत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन समय पर तैयार कर तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, डीएफओ प्रेमलता यादव, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी