कोरबा आयुक्त ने अतिवृष्टि, बाढ़ नियंत्रण हेतु अधिकारियों को सौपे दायित्व
कोरबा, 09 जून (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए अतिवृष्टि, बाढ़ नियंत्रण एवं प्राकृतिक आपदा से बचाव व राहत व्यवस्था के संबंध में निर्धारित कार्य योजना अनुसार कार्य किए जाने हेतु आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आदेश जारी कर निगम के अधिकारी कर्मचारियों को उनके दायित्व सौपे हैं। दायित्वों का पूरी गंभीरता, कार्यकुशलता व निष्ठापूर्वक निर्वहन के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निगम कार्यालय साकेत में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है तथा मुख्य बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों हेतु निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सेल्टर केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में वर्षा ऋतु के दौरान अतिवृष्टि बाढ़ नियंत्रण, प्राकृतिक आपदा से बचाव व राहत, आकस्मिक घटना की जानकारी उपलब्ध कराने, प्रभावित व्यक्तियों को राहत एवं उनका बचाव कार्य संचालित करने, प्रभावितों को तत्काल सहायता दिए जाने एवं नगर के नाले, नालियों की सफाई व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए एक सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसके प्रभारी अधिकारी अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव मोबाईल नम्बर 97520-94139 बनाए गए हैं। इसी प्रकार निर्माणाधीन नाले, नालियों में वर्षा ऋतु को देखते हुए पानी के बहाव में निरंतरता बनाए रखने के लिए पानी बहाव के रास्तों में निर्माण सामग्रियों को हटाने की कार्यवाही जोन के सहायक अभियंता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नालियों में निर्मित कच्चे-पक्के अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही भी पूर्ण करेंगे, ताकि पानी के बहाव में निरंतरता बनी रहे।
इस संबंध में नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र का मुख्य नियंत्रण कक्ष निगम कार्यालय साकेत भवन बनाया गया है, जिसका टेलीफोन नंम्बर 07759-226672 है।मुख्य नियंत्रण कक्ष मंे स्थापित टेलीफोन अटैंड करने हेतु तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निर्देशित करते हुए कहा है कि नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं उप प्रभारी जोन कार्यालय में बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु आवश्यकतानुसार मजदूर, हवा भरे ट्यूब, रस्सा, टार्च इत्यादि साधन चौबीसों घंटे तैयार रखेंगे, साथ ही कोरबा शहर में उपलब्ध गोताखोर की जानकारी एवं उनके पते इत्यादि रखकर संपर्क में रहेंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर गोताखोर तत्काल उपलब्ध हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

