home page

हितग्राहियों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी करायें बैंकर्स

 | 
हितग्राहियों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी करायें बैंकर्स


कोरबा, 9 जून (हि. स.)।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बैंकर्स की बैठक लेकर पीएम स्वनिधि योजना की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुये कहा कि, वे योजना के हितग्राहियों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी करायें।

उन्होंने कहा कि, पीएम स्वनिधि योजना प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, अतः सभी बैंकर्स का यह दायित्व है कि वे अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित कराने हेतु पूरी इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें, उन्होने कहा कि बैंकों के कार्यालयीन समय में किसी भी वक्त यदि हितग्राही बैंक पहुंचता है, तो प्राथमिकता के साथ उक्त संबंधित कार्यवाही पूर्ण करायें, ताकि हितग्राही अनावश्यक रूप से परेशान न हों।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के दिशा निर्देशों के तहत आज मंगलवार को आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में बैंकर्स की बैठक लेकर केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम स्वनिधि योजना की कार्यप्रगति की बैंकवार समीक्षा की।

उल्लेखनीय है कि, भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं को 15 हजार रूपये का बिना गारंटी वाला कार्यशील पूंजी ऋण दियाजाता है, फिर बाद में 25 हजार रूपये एवं 50 हजार रूपये के ऋण 07 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी के साथ प्रदान किये जाते हैं, इस योजना का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना, डिजिटल लेन-देन का बढ़ावा देना एवं पथ विक्रेताओं को हुए आर्थिक नुकसान से उबरना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने योजना की बैंकवार समीक्षा करते हुये कहा कि योजना के हितग्राहियों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी करायें। उन्होने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, अतः सभी बैंकर्स का यह दायित्व है कि वे अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित कराने हेतु पूरी इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें, उन्होने कहा कि बैंकों के कार्यालयीन समय में किसी भी वक्त यदि हितग्राही बैंक पहुंचता है, तो प्राथमिकता के साथ उक्त संबंधित कार्यवाही पूर्ण करायें। बैंकों में लंबित प्रकरणों व ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में लगने वाले अधिक समय पर नाराजगी व्यक्त करते हुये

आयुक्त श्री पाण्डेय ने बैंकर्स से कहा कि, यह योजना रोड साईट व्यवसाय करने वाले शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के मद्देनजर क्रियान्वित की गई है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता ठीक नहीं है, बैंकर्स अपनी जिम्मेदारी को समझे, योजना को गंभीरता से लें, आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करें ताकि हितग्राहियों को समय पर इसका लाभ मिल सके। बैठक के दौरान उपायुक्त नीरज कौशिक, लीड बैंक मैनेजर कृष्ण भगत, निगम के लेखाधिकारी भवकांत नायक, योजना के प्रभारी अधिकारी तपन तिवारी, अरविंद कुर्रे आदि के साथ शहर के लगभग सभी बैंकों के प्रतिनिधि, प्रबंधक आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी