मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 5.35 लाख करोड़ का मुनाफा
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद तथा कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी के कारण घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र के कारोबार में आईटी सेक्टर में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गए। दोपहर 11:30 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे ये दोनों सूचकांक वापस हरे निशान में पहुंच गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.54 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में आज जम कर खरीदारी होती रही। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली के वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.48 प्रतिशत और बीएसई का टेक इंडेक्स 0.60 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.69 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 459.75 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 454.40 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.35 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,398 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,782 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,423 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 193 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,975 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,151 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 824 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ और 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 511.15 अंक की मजबूती के साथ 74,035.41 अंक के स्तर पर खुला।
कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 11:30 बजे तक यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 600 अंक से अधिक टूट कर 98.08 अंक की कमजोरी के साथ 73,426.18 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दूसरे सत्र में लगातार हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से लगभग 500 अंक की रिकवरी कर 394.50 अंक की तेजी के साथ 73,918.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 136.05 अंक उछल कर 23,259.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद आईटी सेक्टर में लगातार हो रही बिकवाली की वजह से इस सूचकांक की चाल भी कमजोर पड़ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 150 अंक से अधिक लुढ़क कर 18.55 अंक की कमजोरी के साथ 23,104.45 अंक के स्तर तक आ गया।
इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से करीब 175 अंक की रिकवरी कर 156.40 अंक की मजबूती के साथ 23,279.40 अंक तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 35 अंक से अधिक फिसल कर 119.10 अंक की तेजी के साथ 23,242.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एविएशन 4.08 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.34 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 2.17 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.11 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 1.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 2.13 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 2.09 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.86 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.58 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

