तरैया में स्वर्ण व्यवसायी से पिस्टल के बल पर लूट
सारण, 24 मई (हि.स.)। तरैया थाना क्षेत्र के रामकोला स्थित खादरा नदी किनारे शीतलपट्टी-डुमरी ग्रामीण सड़क पर रविवार को अपाची बाइक सवार दो बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से पिस्टल के बल पर दो किलोग्राम चांदी, 100 ग्राम सोने के आभूषण तथा 30 हजार रुपये नकद लूट लिए।
घटना के विरोध में स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों ने एसएच-73 को जाम कर जमकर आक्रोश प्रदर्शन किया।
पीड़ित व्यवसायी सत्येंद्र कुमार के अनुसार फटीदनपुर मठिया बाजार स्थित उनकी कनक ज्वेलर्स नामक दुकान है। सुबह वह अपनी बाइक से दुकान खोलने जा रहे थे और गहनों व नकदी से भरा बैग बाइक की डिक्की में था। तरैया भूतनाथ चौक पर एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिसे उन्होंने मानवता के नाते बैठा लिया। वह युवक वाईडीबीएस कॉलेज के पास उतर गया। इसके बाद जैसे ही सत्येंद्र कुमार खादरा नदी के नवनिर्मित पुल के पास पहुंचे, उत्तर दिशा से आए अपाची सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल दिखाकर, धक्का देकर गिरा दिया। अपराधी डिक्की से बैग निकालकर फरार हो गए और व्यवसायी का मोबाइल कुछ दूरी पर फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इस घटना से आक्रोशित तरैया के स्वर्ण व्यवसायियों ने तरैया-मढ़ौरा मुख्य सड़क एसएच-73 को करीब आधा घंटा तक जाम रखा। मौके पर पहुंचे अपर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार की पहल पर मढ़ौरा-2 के एसडीपीओ ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
स्वर्ण व्यवसायी राजीव कुमार गुप्ता ने कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुनः आंदोलन करेंगे।
अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

