home page

सुपौल सदर अस्पताल में दुर्लभ जन्म मामला, नवजात बच्ची को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर

 | 
सुपौल सदर अस्पताल में दुर्लभ जन्म मामला, नवजात बच्ची को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर


सुपौल, 24 मई (हि.स.)। बिहार में सुपौल जिले के सदर अस्पताल में रविवार सुबह एक दुर्लभ चिकित्सकीय मामला सामने आया, जहां एक नवजात बच्ची का जन्म गंभीर शारीरिक विकृति के साथ हुआ। बच्ची के मुंह का हिस्सा पूरी तरह विकसित नहीं था और आंखों में भी जन्मजात समस्या बताई जा रही है। जन्म के बाद अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और परिजनों के बीच चिंता का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में वार्ड संख्या 8 निवासी अनीता देवी, पति लक्ष्मी चौपाल, ने सुबह करीब 3:15 बजे बच्ची को जन्म दिया। नवजात का वजन लगभग 2 किलो 420 ग्राम बताया गया है।डॉ. नूतन कुमार वर्मा ने बताया कि बच्ची जन्मजात विकृति से पीड़ित है।

प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे दरभंगा रेफर कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में आगे की चिकित्सा की जाएगी।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे मामलों में विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र