home page

विदेशी नागरिकों की सूचना छिपाई तो होगी कानूनी कार्रवाई : डीएम-एसपी

 | 
विदेशी नागरिकों की सूचना छिपाई तो होगी कानूनी कार्रवाई : डीएम-एसपी


सीवान, 24 मई (हि.स.)। जिले में विदेशी नागरिकों के ठहराव और गतिविधियों पर निगरानी को लेकर प्रशासन ने अब सख्त तेवर अपना लिया है।

रविवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस संचालकों के साथ बैठक कर साफ शब्दों में चेतावनी दी कि विदेशी नागरिकों की सूचना छिपाने या ऑनलाइन पंजीकरण में लापरवाही करने वालों पर सीधे कानूनी कार्रवाई होगी।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि जिले में आने वाले हर विदेशी नागरिक की सूचना समेकित वीजा एवं विदेशी पंजीकरण ट्रैकिंग प्रणाली के तहत अनिवार्य रूप से ऑनलाइन देनी होगी। होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश दिया गया कि विदेशी मेहमानों के आगमन की जानकारी तत्काल सी-फॉर्म के माध्यम से अपलोड करें। वहीं शिक्षण संस्थानों को विदेशी छात्रों से संबंधित एस-फॉर्म ऑनलाइन जमा करना होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रिंटर, वेब कैमरा और स्कैनर जैसी सुविधाएं हर संस्थान में उपलब्ध रहनी चाहिए। तकनीकी कमी या संसाधनों के अभाव का बहाना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि समेकित वीजा एवं विदेशी पंजीकरण ट्रैकिंग प्रणाली के तहत आवश्यक पंजीकरण एवं सूचना उपलब्ध नहीं कराने वाले संस्थानों के विरुद्ध आप्रवासन एवं विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि विदेशी नागरिकों से जुड़ी सूचनाओं में लापरवाही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma