home page

अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, चार ट्रैक्टर जब्त

 | 
अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, चार ट्रैक्टर जब्त


किशनगंज, 24 मई (हि.स.)। जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पौआखाली थाना पुलिस ने कनकई नदी के समीप छापेमारी कर एक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं किशनगंज थाना क्षेत्र में दिवा गश्ती के दौरान पुलिस ने दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर पकड़े।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र के महानंदा बांध के पास छापेमारी की गई, जहां से एक अन्य अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध अनुमति के बालू या मिट्टी का खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व की क्षति होती है, वहीं नदियों के तट और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ता है।

एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि खनन माफियाओं की गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा ।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह