home page

एसएसबी की आपत्ति के बाद सतना बीओपी मार्ग भी हुआ अतिक्रमण मुक्त

 | 
एसएसबी की आपत्ति के बाद सतना बीओपी मार्ग भी हुआ अतिक्रमण मुक्त


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर नगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है।

मंगलवार को बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन, वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल तथा एसएसबी के जवानों की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान कारगिल चौक, हटिया चौक और इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड स्थित सतना बीओपी जाने वाले मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान की शुरुआत कारगिल चौक से हुई, जहां हवाई अड्डा की पश्चिमी दीवार से सटी सरकारी जमीन पर लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियां और अस्थायी निर्माण कर कब्जा किया गया था। प्रशासनिक टीम ने करीब एक दर्जन व्यावसायिक एवं आवासीय अतिक्रमणों को हटाकर भूमि को खाली कराया।

इसके बाद टीम पुरानी बाजार के हटिया चौक पहुंची। यहां मार्केट कॉम्प्लेक्स के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों पर कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार इन दुकानों के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी। प्रशासन ने करीब डेढ़ दर्जन दुकानों को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।

अभियान का अंतिम चरण कुमार चौक के समीप सतना बीओपी जाने वाली मुख्य सड़क पर चला। सड़क के दोनों ओर टीन और अन्य अस्थायी सामग्री से घेरकर किए गए लगभग आधा दर्जन अवैध कब्जों को हटाया गया। बताया गया कि इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण एसएसबी के जवानों और वाहनों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी। सीमा सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर एसएसबी ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई।

पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सीओ हेमंत कुमार और कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने बताया कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों पर नियमित कार्रवाई कर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा, ताकि सार्वजनिक भूमि और सड़कों का उपयोग आम लोगों के हित में सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र