पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
किशनगंज, 27 मई (हि.स.)। प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को किशनगंज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहाबुल अख्तर, पूर्व जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू, नगर अध्यक्ष सजल साहा, वरिष्ठ कांग्रेसी अरुण कुमार साहा, मो. तौसीफ अंजार, मनोज कुमार पासवान, शंभू यादव, अब्दुल कबीर, राहुफ खान, आसिफ अली, गोरे खान, रहमत खान, आबिद कमाल, शमीम अख्तर, आजाद हुसैन, सुमेंदर बहादुर सिंह, तनवीर आलम, संतोष चौधरी, बुल्लू, शुभम दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी और देश को वैज्ञानिक सोच, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विकास की नई दिशा प्रदान की।
नेताओं ने कहा कि नेहरू जी का योगदान भारतीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शिक्षा, उद्योग, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में जो कार्य किए, उसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
सभा में मौजूद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखना ही पंडित नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

