home page

किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को मिली मंजूरी, भूमि अधिग्रहण के लिए 5.45 करोड़ स्वीकृत

 | 
किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को मिली मंजूरी, भूमि अधिग्रहण के लिए 5.45 करोड़ स्वीकृत


किशनगंज, 24 मई (हि.स.)। बिहार सरकार ने किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 24.70 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए ₹5 करोड़ 45 लाख 97 हजार 100 की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

सिविल विमानन विभाग के अपर सचिव अखिलेश कुमार सिंह द्वारा 21 मई 2026 को जारी आदेश में यह स्वीकृति दी गई। जारी आदेश के अनुसार किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार के लिए पूर्व एवं पश्चिम दिशा में कुल 24.70 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें पूर्व दिशा में 700 मीटर लंबाई और 100 मीटर चौड़ाई में 17.29 एकड़ तथा पश्चिम दिशा में 300 मीटर लंबाई और 100 मीटर चौड़ाई में 7.41 एकड़ भूमि शामिल है। भूमि में रैयती जमीन के साथ बीएसएफ की भूमि भी शामिल बताई गई है।

जिलाधिकारी किशनगंज द्वारा 16 दिसंबर 2024 को भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अंचल अधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार अधिसूचित एमवीआर दर पर आवासीय विकासशील श्रेणी में मुआवजा राशि का आकलन किया गया। सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए राशि को वित्तीय वर्ष 2026-27 में नागर विमानन विभाग के बजट मद 5302-भू-अर्जन से जारी करने का निर्णय लिया है।

सरकार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल रनवे विस्तार परियोजना के लिए ही किया जाएगा। किसी अन्य मद में राशि खर्च करने की अनुमति नहीं होगी। उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा व्यय विवरणी निर्धारित समय के भीतर महालेखाकार और विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। सिविल विमानन विभाग ने भू-अर्जन पदाधिकारी किशनगंज के पीडी/पीएल खाते में राशि हस्तांतरित करने की भी स्वीकृति दे दी है। इसके लिए प्रोजेक्ट फॉर द एक्सटेंशन ऑफ द रनवे ऑफ किशनगंज एयरपोर्ट नामक खाते में राशि भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि सीमांचल क्षेत्र में हवाई संपर्क को मजबूत करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। रनवे विस्तार के बाद भविष्य में बड़े विमानों के संचालन की संभावना बढ़ेगी, जिससे किशनगंज समेत सीमांचल क्षेत्र के विकास, पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह