home page

बिहपुर, नवगछिया के सूरज भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में शामिल

 | 
बिहपुर, नवगछिया के सूरज भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में शामिल


भागलपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बाली (इंडोनेशिया) में 13 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाली भारत-इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन श्रृंखला में भाग लेने वाली भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में बिहार से एकमात्र खिलाड़ी सूरज कुमार को शामिल किया गया है। भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में एवं दिल्ली बॉल बैडमिंटन संघ के द्वारा भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के चयन के लिए दो दिवसीय चयन प्रतियोगिता (ट्रायल) स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकासपुरी दिल्ली में 7 से 8 नवंबर तक आयोजित किया गया था,जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

चयन प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर भागलपुर, नवगछिया पुलिस जिले के बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य/बिक्रमपुर पंचायत के वार्ड चार निवासी पंकज पासवान-गुड़िया देवी के पुत्र सूरज कुमार का चयन भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के लिए किया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव-सह-भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरीशंकर और राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के महासचिव वाई. राजा राव के पत्र के हवाले से बताया कि सूरज कुमार को 12 फरवरी को चेन्नई (तमिलनाडु) में टीम में शामिल होने के लिए रिपोर्ट करना होगा।

भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में सूरज कुमार के चयन पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव-सह-भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर, राज्य प्रवक्ता सह नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार, भागलपुर जिला सचिव अमर कुमार आहूजा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल कुमार, जेम्स फाइटर, अंकित कुमार शर्मा, प्रज्ञा भारती, साक्षी कुमारी, अभिलाषा कुमारी सहित अनेक खेलप्रेमियों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर