home page

मणिपुर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार


इंफाल, 09 जून (हि.स.)। मणिपुर के सेनापति एवं इंफाल पश्चिम जिले से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से मादक पदार्थ ब्राउन शुगर एवं हेरोइन बरामद किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर दी गयी जानकारी के अनुसार सोमवार को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थानांतर्गत टी. खुल्लेन नाका पोस्ट से दो लोगों को पकड़ा। इनके पास से विभिन्न सामानों के साथ 12 साबुनदानी में ब्राउन शुगर, एक ग्रैंड आई10 गाड़ी (एएस- 01एलसी-9436), जिससे प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ और 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उरियामघाट, देवीपुर के नसीमउद्दीन (38) और गोमारीगुरी के मोंजित (25) के रूप में की गयी है।

इसके अलावा सोमवार को ही सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के न्यू केइथेलमाबी थानांतर्गत केइथेलमाबी इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से पांच साबुनदानी में छुपाकर लाए गये 58 ग्राम हेरोइन पाउडर, एक वाहन बरामद किया गया। उसकी पहचान थोउबल जिले के सपम मामंग लीकाई के नोंगमैथेम रूपु सिंह (38) के रुप में हुई है।

पुलिस ने बताया है कि सुरक्षा बल जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जाने वाली 130 गाड़ियों की सोमवार को आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील जगहों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं और गाड़ियों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान मणिपुर के अलग-अलग जिलों में, पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में कुल 114 नाके/चेक पॉइंट लगाए गए थे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय