एनएच-102 पर भारी मात्रा में पोस्ता का दाना बरामद, एक गिरफ्तार
इंफाल, 24 मई, (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेंगनौपाल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पोस्ता का दाना (अफीम का बीज) बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान थोलुंग कोशल लामकांग (34) के रूप में हुई है, जो तेंगनौपाल जिले के थामनापोकपी का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे 23 मई को पल्लेल चंदेल लामखाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 189.05 किलोग्राम पोस्ता का दाना बरामद किया गया। इसके अलावा एक ए-स्टार कार (एमएन-06एलबी-1903) भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा बरामद मादक पदार्थों के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

